top of page
ei1WQ9V34771.jpg
  • Ali Haider

मुजफ्फरपुर मे नशाखुरानी गिरोह ने फिर एक युवक को बनाया शिकार,अचेतावस्था मे अस्पताल में भर्ती


मुजफ्फरपुर में नशाखुरानी गिरोह सक्रिय है। पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद इस गिरोह के शातिर नहीं पकड़े जा रहे हैं। पिछले एक महीने में पांच लोगों को इस गिरोह ने अपना शिकार बनाकर लूटपाट की है। लेकिन, एक भी मामले का पुलिस उद्भेदन नहीं कर सकी है। एक बार फिर से जिले के कांटी में इस गिरोह ने युवक को शिकार बनाया है। उसे नशा खिलाकर बेहोश करने के बाद उसके साथ लूटपाट करने की आशंका जताई जा रही है। युवक हाइवे किनारे अचेत हालत में पड़ा हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे उठाकर अस्पताल में भर्ती कराया है।


हालांकि उसके होश में नहीं रहने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। बयान भी दर्ज नहीं किया जा सका है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में नशाखुरानी गिरोह द्वारा शिकार बनाने की बात सामने आई है। क्योंकि उसके पास से दिल्ली से मुजफ्फरपुर जंक्शन का रेल टिकट मिला है। इससे सम्भावना जताई जा रही है कि उसे घर पहुंचाने की बात बोलकर गिरोह के शातिरों ने फोर व्हीलर में लिफ्ट दिया होगा। फिर किसी पेय पदार्थ में नशीला दवा मिलाकर खिला दिया होगा। जिससे वह बेहोश हो गया होगा। उसी हालत में उसके साथ लूटपाट करने के बाद फेंक दिया गया होगा।


कांटी थानेदार संजय कुमार ने बताया कि युवक के होश आने पर बयान दर्ज किया जाएगा। तभी स्थिति स्पष्ट होगी। बता दें कि इससे पूर्व एक व्यवसायी को भी इस गिरोह ने शिकार बनाया था। फिर उसे गायघाट में फेंक दिया था। हालांकि अब तक एक भी मामले में गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जबकि ये गिरोह रात में स्टेशन से लेकर बस स्टैंड तक सक्रिय रहते हैं। फिर भी पुलिस एक भी शातिरों को गिरफ्तार नही कर सकी है।



0 comments
bottom of page