
मुजफ्फरपुर शहर स्थित माड़ीपुर में चोरी के आरोप में एक युवक को भीड़ ने दबोच लिया। उसके हाथ को सिक्कड़ से ग्रिल में बांध दिया। उसकी जमकर पिटाई की। सूचना पर काजीमोहम्मदपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी युवक को भीड़ की चुंगल से छुड़ाने के बाद हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उसके पास करीब पांच सौ रुपए मिले। जिसमें कुछ सिक्का भी था। पूछताछ करने पर उसने अपने गैंग में शामिल शातिरों के नाम और ठिकाने की जानकारी दी है। युवक ने अपना नाम रोहित उर्फ जॉन्डिस बताया है। थानेदार सत्येंद्र सिन्हा ने कहा कि सत्यापन किया जा रहा है। गैंग में एक महिला के भी शामिल होने की बात सामने आई है। अहियापुर में उसका ठिकाना बताया गया है। पुलिस आरोपी की निशानदेही पर विभिन्न इलाकों में रेड कर रही है। उसके ठिकाने से चोरी के बर्तन समेत अन्य सामान बरामद होने का पता लगा है। लेकिन, पुलिस इसकी पुष्टि अभी नहीं कर रही है।

थानेदार का कहना है कार्रवाई जारी है। साथ ही कानून हाथ मे लेकर हिंसा करने में शामिल लोगों पर भी कानूनी कारवाई होगी आरोपी से भीड़ मे शामिल होकर पिटाई करने वालों की पहचान कराई जाएगी।सत्यापन के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी। बताया गया कि एक दिन पूर्व माड़ीपुर में मदन साह के घर से 30 हजार कैश समेत अन्य कीमती सामान चोरी हुआ था। इसमें बर्तन और जेवरात थे। रविवार को माड़ीपुर में आरोपी संदिग्ध हालत में घूम रहा था। उसकी हड़कत देखकर लोगों को संदेह हुआ कि इसी ने चोरी की घटना को अंजाम दिया होगा। इसी आशंका पर भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। पूछताछ करने पर उसने चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।