
1) मुजफ्फरपुर के कथैया थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर गांव में आज थोडी देर पहले एक ट्रेक्टर की चपेट में 7 वर्षीय मासूम बच्ची आ गई। इसमें बच्ची बुरी तरह घायल हो गई। अस्पताल ले जाने के क्रम में उसकी की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, ट्रैक्टर चालक मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका गांव के ही संतोष तिवारी की पुत्री रितिका बताई जा रही है।
इधर, बच्ची की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रोरोकर बुरा हाल हो गया। इधर, बच्ची के मौत के बाद स्थानीय लोगो की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने मामले की सूचना कथैया पुलिस को दिया। जानकारी पर पहुंची कथैया पुलिस ने मामले की छानबीन की।

2 ) वहीं कटरा थाना क्षेत्र के तेहवारा गांव में आटो और ट्रैक्टर में टक्कर हो गई। इसमें आटो सवार एक किशोरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं एक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताते हैं कि तेहवारा गांव में विपरीत दिशा से आ रहे आटो व ट्रैक्टर के बीच टक्कर हो गई। इससे ऑटो पलट गया। उस पर सवार एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी पहचान अशर्फी सहनी की पुत्री शिवानी कुमारी (15) के रूप में हुई है। वहीं तेहवारा के राजकुमार सहनी घायल हो गए। उन्हें ग्रामीणों ने सिंघवारा पीएचसी पहुंचाया। वहां से पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। स्वजनों के अनुसार घायल की स्थिति चिंताजनक बनी है

3) गायघाट में अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार की मौत : गायघाट के ठीकापाही स्थित एनएच 57 पर अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पहचान पीयर थाना क्षेत्र के चंदौली निवासी राजन राम के पुत्र रौशन कुमार (28) के रूप में हुई। घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि ठिकापाही पुल का मरम्मत कार्य चल रहा है। इससे एनएच 57 की एक लेन बंद कर दी गई है। वहीं दरभंगा से मुजफ्फरपुर जाने वाली लेन में अज्ञात वाहन ने बाइक में ठोकर मार दी। इसमें बाइक सवार की मौत हो गई। वहीं, घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मृतक के स्वजनों को हत्था ओपी अध्यक्ष ने दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
Comments