
मुजफ्फरपुर में पुलिस की लापरवाही से शराब तस्कर फरार हो गया। मामला कुढ़नी थाना का है।कल देर रात थानेदार अरविंद कुमार ने शराब तस्कर भोलू साह को एक शराब के पुराने केस में गिरफ्तार किया था।

उसे आज जेल भेजा जाना था। रात को उसे हाजत में बंद कर दिया गया था। बुधवार सुबह उसने चौकीदार रामप्रीत राम से शौच जाने की बात कही। चौकीदार ने उसे हथकड़ी पहनाया। फिर रस्सी पकड़कर उसे हाजत से बाहर निकाला। वह जैसे ही हाजत से बाहर निकलकर थाना परिसर में गया। उसने एक जोरदार धक्का चौकीदार को मारा और दौड़ते हुए फरार हो गया।

चौकीदार जब तक उठकर खड़ा होता और शोर मचाता आरोपी हथकड़ी लेकर फरार हो चुका था। शोर सुनकर अन्य पुलिसकर्मी भी पहुंचे। अफरातफरी का माहौल बन गया। खोजबीन शुरू की गई। थाना से लेकर हाईवे तक पुलिसकर्मियों ने उसकी तलाश में छापेमारी की। लेकिन, उसका सुराग नहीं मिला।
थानेदार अरविंद कुमार ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। शीघ्र ही उसे दबोच लिया जाएगा। एक माह पूर्व सरैया थाना से भी एक आरोपी फरार हो गया था। इससे पूर्व पियर थाना से भी चोरी का आरोपी भाग गया था।
Comments