top of page
ei1WQ9V34771.jpg

BREAKING NEWS रांची में आटो चालक की हत्या मामले में मुजफ्फरपुर से 20 वर्षीय शातिर हत्यारा गिरफ्तार

Ali Haider

Muzaffarpur Crime News: झारखंड के रांची के खादगढ़ा इलाके में आटो चालक की हत्या मामले में मुजफ्फरपुर से एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ कर रांची पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। बताते हैैं कि चार दिन पूर्व खादगढ़ा इलाके के एक होटल में युवक का शव मिला था।

जांच में पता चला कि उसकी हत्या कर दी गई थी। इसी मामले में वैज्ञानिक जांच में मिले सुराग के बाद रांची पुलिस मंगलवार को मुजफ्फरपुर पहुंची। सदर थाने की पुलिस के साथ छापेमारी कर भगवानपुर स्थित एक होटल में ठहरे आरोपित को पकड़ा। वह कथैया इलाके का दसवीं का छात्र बताया जाता है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि हत्या के बाद वह पुलिस से बचने के लिए घर नहीं जाकर होटल में शरण लिए था। पुलिस का कहना है कि वह चार दिन पहले एक साथी के साथ रांची गया था। वहां पर दोनों एक होटल में ठहरे थे। इसी क्रम में उससे मिलने आटो चालक नासिर खादगढ़ा स्थित उक्त होटल में आया था।

इसके बाद वे दोनों वहां से निकल गए थे। होटल कर्मी जब कमरे को लाक करने गया तो देखा कि युवक का शव पड़ा है। उसके हाथ-पांव गमछे से बंधे थे। आशंका जताई गई कि उसका गला दबाकर हत्या की गई है। इसके बाद रांची पुलिस ने पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।पुलिस को जांच में पता चला कि नासिर आटो चलाता था। होटल के रजिस्टर को खंगाला गया तो वहां एक शिक्षण संस्थान का पहचान पत्र दिया गया था। कहा जा रहा कि वह भी फेक था। इसके बाद सीसी कैमरे के फुटेज को खंगाला गया। रांची पुलिस ने मुजफ्फरपुर पहुंचकर आरोपित को पकड़ा। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने अपने को छात्र बताया। सख्ती की गई तो पता चला कि वह शराब के धंधे से जुड़ा है। शराब लाने के लिए रांची गया था। इसी बीच किसी बात के विवाद में आटो चालक की हत्या कर वह और उसका साथी वहां से भाग निकला था। पुलिस का कहना है कि उसके साथी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

0 comments

Commentaires


bottom of page