top of page
ei1WQ9V34771.jpg
  • Ali Haider

मुजफ्फरपुर में बेखौफ बदमाशों का आतंक घर में घुसकर इंजीनियर को मारी गोली फायरिंग करते हुए फरार


मुजफ्फरपुर के बीचोबीच में काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के सादपुरा मिल्की टोला में बुधवार देर रात करीब 1 बजे नकाबपोश अपराधियों ने घर में घुसकर मैकेनिकल इंजीनियर जियाउर रहमान को गोली मार दी। इस दौरान अपराधियों ने 4 राउंड फायरिंग की। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। इधर, गोलीबारी की सूचना पर काजी मोहम्मदपुर थानेदार सत्येंद्र कुमार सिन्हा दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

आनन-फानन में युवक को सदर अस्पताल ले गए। जहां से डॉक्टरों ने SKMCH रेफर कर दिया। उसकी स्थिति गंभीर है।

बताया जा रहा है कि एक गोली युवक को लगी है। जो पेट के निचले हिस्से को चीरते हुए जांघ में जाकर फंस गई है। डॉक्टर उसे निकलने की कोशिश में लगे हैं। इधर, थानेदार ने बताया कि घायल युवक समस्तीपुर के दलसिंहसराय का रहने वाला जियाउर रहमान है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। परिजनों ने भी घटना का कारण स्पष्ट नहीं किया है। पुलिस छानबीन में जुट गई है।


दो अपराधी छत के रास्ते सीढ़ी होते हुए घर में घुसे थे

बताया जा रहा है कि नकाबपोश दो अपराधी छत के रास्ते सीढ़ी से होते घर में घुसे थे। बरामदे के पास जियाउर सोया हुआ था। इसके बाद अपराधी ने उससे पूछा कि तुम ही आरिफ हो..जब तक जियाउर कुछ समझता अपराधी ने एक राउंड फायर कर दिया। इसके बाद उसने हथियार छीनने का प्रयास किया। इसी दौरान अपराधियों ने दूसरी राउंड फायरिंग कर दी। इसमें उसको पेट के पास गोली लग गई। जो जांघ में जाकर फंस गई है।

फायरिंग की आवाज पर जब तक परिवार के लोग उठते तब तक अपराधी दो राउंड फायरिंग करते हुए फरार हो गए। खून से लथपथ हालत में जियाउर के परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


सोलर कारोबारी है बहनोई, जियाउर पहुंचा था पिता का ऑपरेशन कराने

जियाउर के बहनोई हसनैन आरिफ सोलर कारोबारी है। दो दिन पूर्व अपने पिता मोतिउर रहमान के साथ मुजफ्फरपुर स्थित बहनोई के घर पहुंचा था। यहां वह अपने पिता के आंख का ऑपरेशन कराने के लिए आया था। बताया गया कि रात को परिवार के लोग खाना खाकर सोने चले गए थे। इसके बाद देर रात अपराधियों ने गोली मारकर घायल कर दिया।

0 comments
bottom of page